संदीप यादव मुंगेली। जिले के विकासखंड पथरिया के ग्राम सरगांव स्थित हरिहर क्षेत्र मदकूद्वीप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 25 सितंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और एसएसपी भोजराम पटेल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच एवं बैठक व्यवस्था, लोकार्पण एवं भूमिपूजन से संबंधित तैयारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने सर्किट हाउस सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ-सफाई, रख-रखाव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी एल यादव, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








