संदीप यादव मुंगेली। सिटी कोतवाली पुलिस ने पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के शासकीय खाते से 26 लाख 87 हजार रुपये के अनाधिकृत लेन-देन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मुंगेली में पदस्थ रहे लिपिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
क्या है पूरा मामला?
कलेक्टर के आदेश पर जांच के बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 253/2026 धारा 318(4), 316(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि 30 सितंबर 2025 से 8 अक्टूबर 2025 के बीच पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के शासकीय खाता क्रमांक 3742452827 से 7 बार अनाधिकृत ट्रांजेक्शन कर कुल 26,87,000 रुपये का आहरण किया गया।
कैसे हुआ गड़बड़झाला?
जांच में आरोपी टिकेश कुमार पिता स्व. रैन सिंह (30 वर्ष) निवासी खैरवाही थाना चारामा जिला कांकेर, हाल हांडीपारा रायपुर का नाम सामने आया। आरोपी 29.08.2022 से 27.01.2026 तक सेंट्रल बैंक शाखा मुंगेली में क्लर्क के पद पर था। उसे केवाईसी, खाता संचालन, NEFT/RTGS जैसे कामों की जिम्मेदारी दी गई थी।
आरोपी ने 30.09.2025 को शासकीय खाते से अपने निजी खाते में 8.50 लाख, फिर 01.10.2025 को मंजुलता पटेल के खाते में 9.19 लाख और 9.18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें से 1,61,500 रुपये ओवर होने से शासन के खाते में वापस हो गया था।
बैंकिंग रिकॉर्ड और सीबीएस प्रणाली के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका पाए जाने पर उसे 23 सितंबर को गिरफ्तार कर 24 सितंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले में विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि ईश्वर सिंह राजपूत, आरक्षक विकास ठाकुर, योगेश यादव और मनोज टण्डन की अहम भूमिका रही।








