सड़कों से बस्तियों तक चला सफाई अभियान, स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर जोर

बलौदाबाजार। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नगर पालिका क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, आवासीय क्षेत्रों और सघन बस्तियों में विशेष रूप से सफाई की जा रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी, सभापति एवं पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों के साथ श्रमदान किया। इस दौरान बीओ ऑफिस, देवरहा तालाब और मंडी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया।

मंडी रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के आसपास लंबे समय से जमा कचरे को हटाया गया। साथ ही संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए भी निर्देश दिए गए।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि केवल सफाई अभियान चलाने से शहर को स्वच्छ नहीं रखा जा सकता, इसके लिए नागरिकों की सहभागिता और निरंतर जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से घर और दुकानों के आसपास नियमित सफाई रखने तथा गंदे पानी का जमाव नहीं होने देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जहां पानी जमा हो रहा है, वहां चूना अथवा लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया जाए। कचरा वाहन के पहुंचने पर कचरा उसी में डालें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से बचें।

नगर पालिका के इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ नगरवासी भी सहभागिता कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

Hot Topics

Related Articles