अर्जुनी। महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। जिले के ग्राम भद्रापाली की संतोषी वर्मा भी महिला शक्ति स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बना रही हैं।
संतोषी वर्मा ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्होंने अगरबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के उपरांत वे घर पर ही अगरबत्ती बनाने का कार्य कर रही हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बाड़ी में हल्दी और जिमीकंद की खेती भी शुरू की है। तैयार उपज को बाजार में बेचकर उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।
संतोषी वर्मा का कहना है कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें घर से ही काम करने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हम महिलाओं को बिहान से जोड़कर आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूं।”
बिहान योजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं प्रशिक्षण, स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।








