
अमेठी घाट में पुल से 12 फीट ऊपर बह रहा पानी, सेमरिया घाट समेत कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित
बलौदाबाजार। जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई पुल-पुलियों और चेकडेम पर बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन 14 पुल-पुलियों पर आवागमन बंद कर दिया है। वहीं, बलदाकछार के डीपापारा, अमेठी और सिमगा विकासखंड के गणेशपुर में पानी बढ़ने से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अमेठी घाट में पुल से 12 फीट ऊपर बह रहा पानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलारी विकासखंड के महानदी स्थित अमेठी घाट में पुल के ऊपर से करीब 12 फीट पानी बह रहा है। इसी तरह टेमरी नाला में 4 फीट, छेरकाडीह नाला में 3 फीट तथा भाटापारा विकासखंड के सेमरिया घाट में 4 फीट ऊपर पानी बह रहा है। सुहेला मार्ग के जमुनिया नाला पुल पर 2 फीट, बासीन नाला में 2 फीट तथा भंवरगढ़-बरडीह मार्ग स्थित जमुनिया नाला पुल पर भी 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। शिकारी केशली मार्ग के जमुनिया नाला में भी पुल के ऊपर पानी बहने से आवागमन प्रभावित है।
बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेकडेम में करीब 1 फीट तथा भलूकोना-हरदी पुल पर 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। वहीं, सिमगा विकासखंड के चौरहा, नवागांव-चक्रवाय, लिमतरा-तरपोंगा और तरेंगा-कुलीपोटा मार्ग स्थित पुलों पर भी पानी ऊपर से बह रहा है। इन सभी प्रभावित पुल-पुलियों पर प्रशासन ने आवागमन बंद कर दिया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) और तहसीलदारों को नदी-नालों एवं पुल-पुलियों में जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और एहतियाती उपाय अपनाने की जानकारी देने को कहा है।
कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित पुल-पुलियों के दोनों ओर बैरिकेडिंग कराने तथा सुरक्षा के लिए कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिन गांवों में पानी भरने से लोग प्रभावित हुए हैं, वहां के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही राहत एवं आपदा प्रबंधन कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
इसके अलावा होमगार्ड और पुलिस की टीमों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बंद किए गए पुल-पुलियों से आवागमन न करें और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें।








