राज्य स्तरीय वॉलीबॉल स्पर्धा में साक्षी वर्मा और करिश्मा पाल का चयन

नवापारा विद्यालय की दोनों खिलाड़ी रायपुर संभाग का करेंगी प्रतिनिधित्व, गांव में हर्ष का माहौल

नवापारा। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सिमगा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा की छात्राएं साक्षी वर्मा और करिश्मा पाल का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय सहित पूरे गांव और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय के व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 सितंबर तक रायगढ़ में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रदेश के विभिन्न संभागों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसमें साक्षी वर्मा और करिश्मा पाल रायपुर संभाग की टीम से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

उल्लेखनीय है कि विगत तीन वर्षों से नवापारा विद्यालय के खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। इस उपलब्धि पर बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गांव में फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास होता है। इसके चलते पूरे वर्ष खेलों के प्रति उत्साह और अनुकूल वातावरण बना रहता है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का भी खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नवापारा धीरे-धीरे खेल गांव के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

साक्षी वर्मा और करिश्मा पाल की इस उपलब्धि पर सिमगा जनपद अध्यक्ष दौलत पाल, सरपंच डोमार सिंह मारकंडे, पूर्व सरपंच भुवनेश्वर वर्मा, उपसरपंच लोकनाथ वर्मा, शिक्षक उत्तम कुमार साहू, सत्येंद्र कुमार चौबे, पार्षद सचिन जैन सहित समस्त ग्रामवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

Hot Topics

Related Articles