संदीप यादव मुंगेली। जिले के सरगांव क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था अब और मजबूत होगी। 66 लाख 52 हजार रुपये की लागत से तैयार हुए अत्याधुनिक थाना भवन का उद्घाटन हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 25 सितंबर को ग्राम मदकूद्वीप में आयोजित समारोह में इस नवीन भवन का लोकार्पण किया।
समारोह के बाद बिलासपुर संभाग के कमिश्नर सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के IG राम गोपाल गर्ग और मुंगेली के SSP भोजराम पटेल ने नये थाने में प्रवेश कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर ही थाने की पहली रोजनामचा भी लिखी।
क्या है खास नये थाने में ?
पुलिस विभाग ने इसे वर्क-फ्रेंडली बनाया है। थाना प्रभारी के अलग चेंबर के साथ मोहर्रिर, महिला हेल्पलाइन, शस्त्रागार, ड्यूटी अफसर, मालखाना, जवानों के लिए स्टाफ रूम और स्टोर के लिए अलग कमरे तैयार किए गए हैं।
सबसे बड़ी बात – महिला और पुरुष आरोपियों के लिए अलग-अलग हवालात की व्यवस्था की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि अलग-अलग सेक्शन बनने से कामकाज में तेजी आएगी और आम लोगों को थाने में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सरगांव थाना प्रभारी अशोक यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस अमला मौजूद रहा।









