किरवई मवेशी बाजार और दामाखेड़ा साप्ताहिक बाजार में छापेमारी, ₹5,090 नकद और 104 ताश की पत्ती जब्त

 बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की जुआरियों पर कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमगा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 6 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल ₹5,090 नकद तथा 104 ताश की पत्तियां जब्त की हैं। दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिमगा पुलिस ने ग्राम किरवई और दामाखेड़ा में अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की।

किरवई मवेशी बाजार में 3 लोग पकड़े गए

पहली कार्रवाई ग्राम किरवई के मवेशी बाजार में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजली के खंभे की रोशनी में कुछ लोग ताश के पत्तों से ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर रेड की और तीन लोगों को पकड़ा। उनके कब्जे और जुआ फड़ से ₹2,540 नकद तथा 52 ताश की पत्तियां जब्त की गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र साहू (27), निवासी दामाखेड़ा, मुकेश कुमार साहू (33), निवासी तुमा, थाना चंदनु, जिला बेमेतरा और त्रिभुवन गेंढरे (32), निवासी मुनरबोड़, थाना बेमेतरा, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है।

दामाखेड़ा साप्ताहिक बाजार में भी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई ग्राम दामाखेड़ा के साप्ताहिक बाजार में की गई। यहां भी बिजली के खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे और जुआ फड़ से ₹2,550 नकद तथा 52 ताश की पत्तियां जब्त कीं।

इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर लाल सोनवानी (43), रेवाराम सोनवानी (30), दोनों निवासी दामाखेड़ा, थाना सिमगा, तथा ठाकुर राम साहू (24), निवासी किरवई, थाना सिमगा के रूप में हुई है।

जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान जारी

दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल ₹5,090 नकद और 104 ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी छह आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने के लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Hot Topics

Related Articles