भाटापारा। छठ पर्व के मद्देनजर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, वेटिंग हॉल में अनावश्यक रूप से बैठे लोगों को बाहर किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बैठने की पर्याप्त जगह मिल सके और स्टेशन पर व्यवस्था बनी रहे।
भीड़ को नियंत्रित करने ट्रेनों में अतिरिक्त जवान तैनात
छठ पर्व के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसे देखते हुए गुरुवार रात दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस, दुर्ग-सारनाथ एक्सप्रेस और कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस में अतिरिक्त RPF जवानों की तैनाती की गई।
जवानों ने यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में चढ़ने में मदद की, ताकि स्टेशन पर धक्का-मुक्की और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। निरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला भी जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहकर यात्रियों की सहायता करते नजर आए।
सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुविधा पर भी ध्यान
RPF का मुख्य उद्देश्य छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ स्टेशन परिसर में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखना है। त्योहार के आगामी दिनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा बल लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चला रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल से त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।












