पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट, मां-बेटे सहित तीन घायल

भाटापारा। ग्राम कुकराचुंदा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में मां-बेटे सहित तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट में मां का हाथ टूट गया, वहीं बेटे के हाथ में भी फ्रैक्चर हुआ और पैर में गंभीर चोट आई है। उपचार के दौरान उसके पैर में छह टांके लगाए गए हैं। मामले में हथबंद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को ग्राम कुकराचुंदा में मातर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान शिकायतकर्ता ने गुपचुप की दुकान लगाई थी। शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय मनीष साहू के घर के सामने गली में गांव के घनश्याम यादव और उसके भाई नानुक यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के भाई मनीष कुमार साहू और मां अनिता बाई साहू के साथ भी मारपीट की। घटना में तीनों को चोटें आईं। इसके बाद शिकायतकर्ता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। 112 की टीम घायलों को उपचार के लिए भाटापारा अस्पताल लेकर पहुंची।

घटना की शिकायत हथबंद थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 0256 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1), 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

दुकान जलाने और बार-बार धमकाने का भी आरोप

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि संबंधित आरोपियों द्वारा पहले भी दो बार इसी तरह डराने-धमकाने और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना हुई। पीड़ित पक्ष ने गांव में संचालित उनकी दुकान को भी जलाए जाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवार के पिता संतोष साहू, जो दिव्यांग हैं, ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि दुकान जलने और कारोबार में लगातार बाधा उत्पन्न होने से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि परिवार को भय और आतंक से सुरक्षा नहीं मिली तो उन्हें अपने परिवार के साथ दर-दर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

Hot Topics

Related Articles