भाटापारा। लगातार हो रही बारिश के कारण भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने ग्राम तोरा और चक्रवाय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बारिश के कारण उत्पन्न परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। शिवरतन शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर शिवरतन शर्मा ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी नागरिकों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें और राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे में सभी नागरिक सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।








