बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच रविवार रात हुई मैराथन बैठक के बाद तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल टाल दी गई है। हड़ताल स्थगित होने के कारण बिलासपुर सहित सोमवार से देश भर के सभी बैंक सामान्य रूप से खुले और कामकाज सुचारू रहा। ध्यान रहे कि यह 3 दिवसीय हड़ताल 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित थी। इसमें बैंक कर्मचारियों की मुख्य मांग हफ्ते में 5 दिन काम और शनिवार को अवकाश घोषित करने की थी। दूसरी ओर बैंक कर्मचारियों की स्थिति पर सबसे ज्यादा मीम्स बन रहे हैं। ‘फिर हेरा फेरी’ के बाबूराव और राजू के मीम्स शेयर कर लिखा जा रहा है कि सोचा था सोमवार से बुधवार तक हड़ताल पर रहेंगे, यहां तो संडे की छुट्टी भी चली गई और मंडे को भी ऑफिस आना पड़ा।
मांगों पर कमेटी बनाने के आश्वासन के बाद सभी बैंक कर्मी सोमवार को अपनी-अपनी शाखा पहुंचे और सामान्य दिनों की तरह काम हुआ। सामान्य दिनों की तरह लोग भी पहुंचे। हालांकि हड़ताल और उसके बाद रविवार को हुए काम को लेकर दिन भर चर्चा होती रही। सोमवार को कोई रुपए जमा करने में लगा था तो कोई निकासी और दूसरे बैंकिंग काम निपटा रहा था। काउंटर पर कर्मचारी काम कर रहे थे। माहौल किसी सामान्य कार्यदिवस जैसा था। सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहे। बैंकों की शाखाओं में करोड़ों का कारोबार भी हुआ।
जिले में 12 बैंकों की 65 शाखाएं
हालांकि यूपीआइ, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल बढ़ने से शाखाओं पर उतना अतिरिक्त दबाव नहीं रहता है। साथ ही रोजमर्रा के कई लेनदेन डिजिटल माध्यम से होने के कारण ग्राहकों की भीड़ सामान्य रही। गौरतलब है कि जिले में 12 बैंकों की 65 शाखाएं हैं। आवश्यक जमा-नेहरू चौक, सरकंडा, गांधी चौक, व्यापार विहार, दयालबंद, निकासी और अन्य कार्यों के लिए ही लोग बैंकों में पहुंचे। मंगला और तिफरा के सभी बैंकों में सामान्य काम हुआ।
यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट
निकले थे बैंक बंद कराने, संडे को भी काम करना पड़ा- कर्मचारियों की स्थिति पर सबसे ज्यादा मीम्स बन रहे हैं। ‘फिर हेरा फेरी के बाबूराव और राजू के मीम्स शेयर कर लिखा जा रहा है कि सोचा था सोमवार से बुधवार तक हड़ताल पर रहेंगे, यहां तो संडे की छुट्टी भी चली गई और मंडे को भी ऑफिस आना पड़ा।
भयंकर स्कैम हो गया भाई- ट्विटर (X) और इंस्टाग्राम पर लोग इसे ‘Scam 2026’ कह रहे हैं। मीम्स में दिखाया जा रहा है कि कैसे सरकार और बैंकों के मैनेजमेंट ने चालाकी से रविवार को भी काम करवा लिया और रात होते-होते हड़ताल भी कैंसिल करवा दी।
प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी बनाम सरकारी बैंक-कई मीम्स में दिखाया जा रहा है कि वीकेंड पर ऐश करने वाले कॉरपोरेट/प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी हंस रहे हैं, जबकि एसबीआई और अन्य सरकारी बैंकों के कर्मचारी मायूस होकर सोमवार सुबह कंप्यूटर के आगे बैठ रहे हैं।
एक यूजर ने कहा, ‘जिन बैंक कर्मचारियों ने शनिवार और रविवार को हड़ताल के साथ मिलाकर छुट्टी का ट्रिप प्लान किया था और पहले ही निकल चुके हैं, उनके साथ तो यह धोखा ही हुआ है। अब तो ऑफिस आना ही पड़ेगा। एक यूजर ने कहा, ‘यार ऐसे गेम में चीटिंग होगी तो मैं नहीं खेलूंगा।’








