2 अक्टूबर को होगी ग्राम सभा, विकास कार्यों और योजनाओं पर होगी चर्चा

बलौदाबाजार,  पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में 2 अक्टूबर को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने समय-सारिणी तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम सभा में शत-प्रतिशत गणपूर्ति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचों की होगी। बैठक में ग्राम पंचायत के बजट, विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

आवास योजना के अपात्र हितग्राहियों पर भी होगी चर्चा

ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अपात्र पाए गए हितग्राहियों के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा वीबीजी राम-जी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा शासन द्वारा निर्धारित अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

ग्रामीणों की सहभागिता पर जोर

ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। बैठक में स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा, आवश्यकताओं और समस्याओं पर चर्चा के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों से सुझाव भी लिए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा के आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण बैठक में शामिल होकर पंचायत के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Hot Topics

Related Articles