भाटापारा। नगर पालिका क्षेत्र के गुरुनानक वार्ड में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शामिल हुए। उन्होंने वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान बोध विहार चबूतरा निर्माण एवं बाउंड्रीवाल सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों की कुल लागत 14.04 लाख रुपए बताई गई है। विकास कार्यों के पूरा होने से वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ क्षेत्र में सुव्यवस्थित वातावरण विकसित होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं नगर पालिका के संबंधित लोग उपस्थित रहे।








