राजनांदगांव 29 सितम्बर 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव आज पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आयोजित युवा-खिलाडिय़ों के संवाद कार्यक्रम एवं सेवा संकल्प अभियान यात्रा के अभिनंदन एवं स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने युवा खिलाडिय़ों से संवाद करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की पहचान खेल नगरी के रूप में है और यहां की खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश एवं देश का नाम गौरवान्वित किया है। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि एक खिलाड़ी की सबसे बड़ी विशेषता एकाग्रता होती है। खिलाड़ी को अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह केंद्रित और अनुशासित रहना चाहिए।
उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि वे खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा को निखारें और आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
कबड्डी में संजू देवी ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में स्थान बनाया है। उन्होंने बताया कि संजू देवी बिलासपुर की बहतराई कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। राज्य सरकार द्वारा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 51 लाख रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
इसी तरह जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य छत्तीसगढ़ की बेटियों गीता यादव और मधु सिदार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वर यादव की उपलब्धियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।








