भारतीय मज़दूर संघ के महाधरना के बाद सरकार के साथ महत्वपूर्ण चर्चा

  • आंगनबाड़ी, आशा, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य योजना कर्मियों के मानदेय में वृद्धि का सरकार ने दिया आश्वासन

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026।भारतीय मजदूर संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा विभिन्न श्रमिक समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर आज रायपुर के तूता में आयोजित महाधरना एवं प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई। चर्चा के दौरान सरकार की ओर से आंगनबाड़ी, आशा, मध्यान्ह भोजन रसोइया एवं अन्य योजना कर्मियों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की गई।

भारतीय मजदूर संघ द्वारा लंबे समय से इन योजना कर्मियों की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक मानदेय, सेवा संबंधी समस्याओं तथा अन्य श्रमिक मांगों को लेकर सरकार के समक्ष लगातार आवाज उठाई जा रही थी। आज के महाधरना में भी इन मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

चर्चा के दौरान सरकार के प्रतिनिधियों ने यह भी स्पष्ट किया कि महाधरना में उठाई गई सभी मांगों एवं विभिन्न श्रमिक समस्याओं के समाधान के लिए आगामी दिनों में भारतीय मजदूर संघ तथा संबंधित महासंघों के प्रतिनिधियों के साथ क्रमबद्ध रूप से चर्चा की जाएगी और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। सरकार की ओर से इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इससे पूर्व 24 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में भी भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न श्रमिक एवं योजना कर्मियों की समस्याओं को विस्तार से रखा था। उस बैठक में मुख्यमंत्री, श्रम मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा वित्त मंत्री की उपस्थिति में मांगों पर चर्चा हुई थी तथा समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रिस्तरीय उपसमिति के गठन का निर्णय लिया गया था।

आज की चर्चा में सरकार की ओर से शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव एवं श्रम सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

भारतीय मजदूर संघ की ओर से क्षेत्र संगठन मंत्री श्री सी. वी. राजेश, अखिल भारतीय मंत्री श्री राधेश्याम जायसवाल, अखिल भारतीय सह उद्योग प्रभारी श्री दिनेश कुमार पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंह देव, प्रदेश महामंत्री श्री शंखध्वनि बनाफर तथा विभिन्न महासंघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि मानदेय वृद्धि की घोषणा योजना कर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि महाधरना में उठाई गई शेष मांगों के समाधान तक सरकार के साथ संवाद एवं संघर्ष दोनों माध्यमों से श्रमिक हितों की आवाज मजबूती से उठाई जाती रहेगी।

भारतीय मजदूर संघ ने सरकार द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी बैठकों में सभी लंबित मांगों पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय लिया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles