गांधी जयंती पर बलौदाबाजार में स्वच्छता अभियान, कलेक्टर ने दिव्यांग स्वच्छता दीदियों को ट्राइसाइकिल देने के दिए निर्देश

तालाब परिसर में कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्ती; रात में बढ़ेगी पुलिस गश्त

बलौदाबाजार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बलौदाबाजार जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारत माता और अमर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।

तालाब परिसर में कलेक्टर ने किया श्रमदान

गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत शहर के सार्वजनिक तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान किया। सभी ने तालाब की मेड़ और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

दिव्यांग स्वच्छता दीदियों को मिलेंगी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने क्लीन सिटी मिशन के तहत शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने दिव्यांग स्वच्छता दीदियों को कार्य करने में होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे उन्हें आवागमन और अपने कार्यों के संचालन में सुविधा मिल सकेगी।

तालाब किनारे गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

स्वच्छता अभियान के दौरान कलेक्टर ने सार्वजनिक तालाब और उसके आसपास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तालाब परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और कचरा फैलाने वालों पर निगरानी रखने को कहा। साथ ही, क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि सार्वजनिक स्थल पर अनुशासन बना रहे और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर, एसडीएम अरविंद कुमार सहित पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी सहभागिता निभाई।

Hot Topics

Related Articles