बलौदाबाजार पुलिस की अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 5 आरोपी गिरफ्तार

265 पाव देशी मसाला शराब जब्त, ₹34,500 की शराब बरामद; अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अब तक 28 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

बलौदाबाजार/भाटापारा। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना भाटापारा ग्रामीण एवं भाटापारा शहर की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम बिजराडीह, दतरेंगा, कडार और पटपर चौक सहित अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 265 पाव देशी मसाला शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल मात्रा 47.700 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 34,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2026 को संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

किचन, बाड़ी और झोपड़ी के पीछे छिपाकर रखी थी शराब

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम बिजराडीह में की गई, जहां आरोपी कोमल यदु (30 वर्ष) के मकान की तलाशी के दौरान किचन से 100 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसमें 48 पाव शेरा और 52 पाव शोले ब्रांड की शराब शामिल थी। इसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई ग्राम दतरेंगा में गौठान के पास की गई। यहां पुलिस ने आरोपी कुन्दन साहू (26 वर्ष) को पकड़ा। उसके कब्जे से झोले में रखे 65 पाव शोले देशी मसाला शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 6,500 रुपये है।

इसी तरह ग्राम कडार में पुलिस ने आरोपी अजीत बजारे (24 वर्ष) के घर से लगी बाड़ी में छिपाकर रखी बोरी से 100 पाव शेरा देशी मसाला शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 589/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।

शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दो आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस ने अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच के दौरान आरोपी रोशन बघेल (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई कर उसे रिमांड पर भेजा गया।

वहीं, पुलिस टीम ने ग्राम गुड़ी चौक (पटपर चौक) के पास से आरोपी नितेश यदु (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर झोपड़ी के पीछे छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद की गई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 के तहत कार्रवाई की गई है।

अब तक 28 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 25/2026 से जुड़े अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क की जांच के दौरान अब तक कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 265 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Hot Topics

Related Articles