विधायक इन्द्र साव ने कहा—सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज में स्थायी बदलाव संभव
भाटापारा। स्थानीय कांग्रेस भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और प्रेरणादायी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इन्द्र साव ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि बिना हथियार उठाए और बिना हिंसा का सहारा लिए भी अन्याय के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया जा सकता है। गांधी जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि सत्य केवल बोलने की चीज नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन और आचरण में उतारना आवश्यक है।
विधायक साव ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, ग्राम स्वराज, सामाजिक समानता तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का संदेश दिया। आज जब विकास की बात होती है, तब गांधी जी का यह विचार प्रासंगिक है कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
शास्त्री जी का जीवन सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और योगदान को याद करते हुए विधायक इन्द्र साव ने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक थे। उन्होंने देश को “जय जवान, जय किसान” का ऐसा मंत्र दिया, जो आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी ने हमें सत्य का रास्ता दिखाया, जबकि शास्त्री जी ने कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आज आवश्यकता है कि हम दोनों महान नेताओं के आदर्शों को अपने आचरण में उतारें।
दिवंगत कांग्रेसजनों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने पूर्व पार्षद स्व. रामप्यारी यदु एवं स्व. मंगल दास महिलांगे के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन मुकेश साहू ने किया, जबकि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजकुमार शर्मा, ईश्वर सिंह ठाकुर, आलोक मिश्रा, गौरी भृगु, मोहन केशरवानी, चंद्रशेखर चक्रधारी, वैभव केशरवानी, मनमोहन कुर्रे सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में अजय ठाकुर, सीरीज जांगड़े, विमलेश्वरी ध्रुव, सत्यजीत शेंडे, अय्यूब बांठिया, ओमप्रकाश यदु, पुनीत मानिकपुरी, नवीन बक्स, शेषनारायण यदु, शैलेंद्र अहिरवार, रामरतन दांडेकर, मोहन निषाद, संजय मानिकपुरी, शशांक बंजारे, प्रेमलता दुबे, गिरीश पारप्यानी, कीरत वर्मा, विक्रम लिलवानी, शतरूपा वर्मा, दानी भाट, पूर्णिमा श्रीवास, गिरिराज चावड़ा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








