नगर पालिका भाटापारा से दान उत्सव रथ रवाना

‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत 1 से 9 अक्टूबर तक चलेगा दान उत्सव

भाटापारा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दान उत्सव का शुभारंभ नगर पालिका भाटापारा से किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने दान उत्सव रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दान उत्सव के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को सेवा और सहयोग की भावना से जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सामग्री एवं सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर कहा गया कि दान उत्सव केवल सामग्री दान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और ‘सेवा ही संकल्प, सेवा ही संस्कार’ की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस सेवा अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों की नई किरण ला सकता है।

इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles