नवरात्रि से पहले पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान, शराबी चालकों और असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई
बलौदाबाजार। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सुहेला पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार वाहन चालकों, मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत 2 अक्टूबर को वाहन चेकिंग के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 9 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध धारा 3/181 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पृथक से कार्रवाई की गई।
मोडिफाइड बुलेट पर 6 हजार का समन शुल्क
चेकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QC 1106 को मोडिफाइड एवं तेज आवाज वाले साइलेंसर के साथ चलाते पाए जाने पर चालक योगेश कुमार वर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती सुहेला के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। वाहन चालक से 6 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया तथा वाहन में लगा तेज आवाज वाला मोडिफाइड साइलेंसर तत्काल निकलवाया गया।
सितंबर में शराबी वाहन चालकों पर 2 लाख का जुर्माना
सुहेला थाना क्षेत्र में सितंबर माह के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा इन मामलों में कुल 2 लाख रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
5 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 1 अक्टूबर को ग्राम सुहेला निवासी दाउराम वर्मा, अश्वनी वर्मा, गायन सिंह साहू, मानसिंह वर्मा एवं तुकराम वर्मा के विरुद्ध धारा 170/126, 135 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।
आदतन अपराधी गिरफ्तार, जेल भेजा
पुलिस ने क्षेत्र में लगातार अपराध करने के आरोप में आदतन अपराधी साहिल वर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी मोहरा को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत भी कार्रवाई की गई है। उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए ‘गुंडा फाइल’ खोलने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को देखते हुए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।








