संदीप यादव मुंगेली 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही ‘अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन’ संस्था के साथ कथित तौर पर अपेक्षित सम्मानजनक व्यवहार नहीं होने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम में संस्था को बाकायदा आमंत्रित किए जाने के बावजूद उसे सम्मान अथवा उचित स्थान नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद ‘अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन’ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपना पक्ष रखा है और कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था व उपेक्षा को लेकर जानकारी साझा की है।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ जनप्रतिनिधि द्वारा स्वयं विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों और उनकी उपलब्धियों का उल्लेख ना करते हुए उन संस्थाओं के बारे में पूछताछ शुरू कर दी गई थी। इसके बाद आमंत्रित अनेक संस्थाओं को कार्यक्रम में अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने की बात सामने आने के बाद आयोजन की व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, जिला प्रशासन के इस आयोजन से जुड़े मामले की स्थानीय स्तर पर जगह-जगह निंदा किए जाने की बात भी सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि किसी संस्था को सम्मान नहीं मिलना एक अलग विषय हो सकता है, लेकिन किसी संस्था को बाकायदा आमंत्रित कर कार्यक्रम में बुलाने के बाद उसे अपेक्षित सम्मान नहीं दिया जाना निश्चित रूप से गंभीर विषय है।
सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं और संगठनों के सम्मान को लेकर प्रशासनिक कार्यक्रमों में संवेदनशीलता बरते जाने की आवश्यकता बताई जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले में जिला प्रशासन अथवा संबंधित संस्था का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।








