बलौदाबाजार,सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के वार्ड क्रमांक 6 स्थित पिपराहा तालाब में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई की। तालाब के किनारे और जल क्षेत्र में जमा जलीय खरपतवार, प्लास्टिक सहित अन्य अवांछित सामग्री को हटाया गया। सफाई के बाद तालाब परिसर अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।
अभियान का उद्देश्य शहर के जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि तालाब में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। साथ ही शहर के इस महत्वपूर्ण जलस्रोत को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरीय निकायों में विभिन्न स्थानों पर नियमित स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत शहर के तालाब परिसर, सड़क, चौक-चौराहों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। अभियान में सामुदायिक भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न रहकर नागरिकों की भी साझा जिम्मेदारी बने।
पिपराहा तालाब में आयोजित सफाई अभियान में वार्ड पार्षद हरजीत सिंह सलूजा, सतीश पटेल, जितेंद्र कुमार डडसेना, मनोज कांत पुरेना, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।








