मुंगेली: 500 रुपये के लिए वृद्ध महिला की हत्या, पथरिया पुलिस ने 6 दिन में किया अंधे कत्ल का खुलासा

संदीप यादव मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना पथरिया पुलिस को अंधे कत्ल के मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना पथरिया, चौकी साकेत क्षेत्रांतर्गत ग्राम उमरिया में महिला की हत्या का खुलासा किया गया है।

दिनांक 27.09.2026 को प्रार्थिया दिव्या भारती पिता दशवंत भारद्वाज उम्र 33 वर्ष साकिन अमोरा, थाना जरहागांव द्वारा चौकी साकेत में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ग्राम उमरिया में उसकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की किसी अज्ञात आरोपी द्वारा 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात गला रेत कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर चौकी साकेत/थाना पथरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच की। मर्ग जांच में हत्या का अपराध पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध दिनांक 28.09.2026 को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 242/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा हत्या के अज्ञात आरोपी को ज्ञात कर कार्यवाही हेतु राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना पथरिया एवं चौकी साकेत प्रभारी को निर्देशित किया गया। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल, चौकी साकेत की पुलिस टीम गठित कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी एवं परिजनों एवं आसपास के लोगों का विस्तृत कथन लेखबद्ध किया गया, घटनास्थल निरीक्षण, फॉरेन्सिक, तकनीकी साक्ष्य तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर से सूचना मिली कि घटना मृतिका के ही गांव के एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा की गई है। सूचना पर उक्त बालक को उसके पिता/संरक्षक के साथ गांव के पंचायत भवन के पास तलब कर गवाहों के समक्ष पूछताछ की गई। बालक ने बताया कि गिरवी रखे मोबाईल को छुड़ाने के लिए उसने मृतिका सोनकलिया बाई (पारिवारिक दादी) से 500 रुपये मांगे थे, पैसा न देने पर गुस्से में आकर उसने हंसिया से मृतिका के गले पर प्राणघातक चोट पहुंचाकर हत्या कर दी।

विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े टी-शर्ट एवं जींस फूल पैंट उसके घर से बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने से दिनांक 03.10.2026 को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया।

उक्त कार्यवाही में निरी. पवन देवांगन (थाना प्रभारी पथरिया), उपनिरी. सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी (प्रभारी, साइबर सेल), सउनि रोशन टण्डन, प्र.आर. यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, रवि जांगड़े, प्रकाश साहू, आर. भेषज पाण्डेकर, राहुल यादव, राकेश बंजारे, गिरीराज सिंह, अतुल सिंह, हेमसिंह, महेन्द्र सिंह, राहुलकांत कश्यप, रामकिशोर कश्यप, जितेन्द्र सिंह, हलिश गेंदले, अमित बारले, स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल की अहम भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles