सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण

राशन कार्ड, पेंशन, आवास और आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों पर हुई त्वरित कार्रवाई

भाटापारा। ग्राम पंचायत बोडतरा में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया।

ग्रामीणों ने राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आवास, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और स्वामित्व योजना से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में सैकड़ों हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिला। नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

बोडतरा में विकास कार्यों की सौगात

शिविर के दौरान बोडतरा में सामुदायिक भवन निर्माण, 20 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन, 5 लाख रुपए से बालिका शौचालय और 7 लाख रुपए की लागत से अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई। इसके अलावा ब्लॉक की 20 ग्राम पंचायतों को 10-10 लाख रुपए की विकास निधि देने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और जनता के बीच सेतु का काम कर रहा है। शासन का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन की सेवाएं जनता तक पहुंचें। भाटापारा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।

Hot Topics

Related Articles