रमेश कुमार सलाम,कोण्डागांव। जिला मुख्यालय से लगे संवेदनशील क्षेत्र ग्राम पंचायत केजंग में पिछले दिनों लगातार तीन दिनों तक हुई झमाझम बारिश के चलते तेज बारिश और पानी के बहाव से मुख्य सड़क की पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया टूटने के कारण जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला मार्ग बाधित हो गया था। इससे स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए ग्राम पंचायत केजंग के सरपंच एवं उपसरपंच की पहल से जेसीबी मशीन के माध्यम से क्षतिग्रस्त पुलिया के पास अस्थायी मरम्मत कार्य कराया गया। फिलहाल इस रास्ते को इस तरह तैयार किया गया है कि दोपहिया वाहन और पैदल राहगीर किसी तरह आवागमन कर सकें।
ग्राम पंचायत केजंग के उपसरपंच सोभ राम सोरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर नया पक्का पुलिया निर्माण कराने के लिए स्टेटमेंट/प्रस्ताव जमा कर दिया गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रस्ताव को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान कर पक्के पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी का स्थायी समाधान हो सके।






