नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कुम्हार संघ के सदस्यों से की आत्मीय मुलाकात

कुम्हार संघ की मांग पर सकारात्मक निर्णय, पुराने गंज में दीप विक्रय के लिए मिलेगा स्थान

भाटापारा। भाटापारा नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कुम्हार संघ के साथियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दीपावली पर्व पर मिट्टी के दीये बेचने तथा कुम्हार समाज द्वारा निर्मित अन्य उत्पादों के विक्रय के लिए पुराने गंज (रामलीला मैदान) में स्थान आवंटित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।

इस निर्णय से कुम्हार संघ के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की और अपनी भावनाएं साझा करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। स्थान उपलब्ध होने से कुम्हार समाज के लोगों को अपने उत्पादों के विक्रय के लिए बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि कुम्हार समाज के मेहनतकश भाई-बहनों को उनकी मेहनत का उचित अवसर मिलना चाहिए। उनकी पारंपरिक कला और व्यवसाय को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से संबल मिल सके।

उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और समृद्धि का पर्व है। यह पर्व कुम्हार समाज के परिवारों के जीवन में भी खुशहाली लेकर आए, उनके हाथों से बने मिट्टी के दीये हर घर को रोशन करें और उनके परिवारों में भी सुख-समृद्धि का उजाला फैले। स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने और उनके पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Hot Topics

Related Articles