खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 3 कार्टून दवा किया जब्त

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई, करीब 40 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां मिलीं

बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को कसडोल तहसील के ग्राम मल्दा में कार्रवाई करते हुए एक घर से तीन कार्टून दवाइयां जब्त की हैं। जांच के दौरान घर से करीब 40 प्रकार की ब्रांडेड और एथिकल एलोपैथिक दवाइयां मिलीं। टीम ने दो प्रकार की दवाइयों के नमूने भी जांच एवं विश्लेषण के लिए लिए हैं।

शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई

औषधि निरीक्षक के अनुसार, शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ग्राम मल्दा निवासी हरनारायण केवट के निवास स्थान पर जांच के लिए पहुंची। यहां बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां मिलीं। टीम ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियम, 1945 के प्रावधानों के तहत फॉर्म-16 जब्ती पत्रक के माध्यम से दवाइयों को तीन बड़े कार्टून में जब्त किया।

कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग प्रकार की दवाइयों के नमूने लेकर जांच एवं विश्लेषण के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। जब्त दवाइयों के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय से अभिरक्षा प्राप्त की जाएगी।

टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक नीलिमा, प्रियंका ध्रुव, प्रशिक्षु औषधि निरीक्षक गिरजाशंकर, नमूना सहायक अमृत लाल कोसले और आरक्षक आमिर कुमार राय मौजूद रहे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जब्त दवाइयों के संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू की है।

Hot Topics

Related Articles