कुदरत का अनोखा करिश्मा, डोंगरगांव, के कोहका निवासी मोनिका साहू ने एक साथ दिया तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया

  • साहू परिवार और कोहका गांव में जश्न का माहौल

घनश्याम साव ,डोंगरगांव। जिला अस्पताल राजनांदगांव से एक बेहद सुखद और अनोखी खबर सामने आई है। डोंगरगांव के समीप स्थित ग्राम कोहका निवासी मुकुंद साहू की पत्नी मोनिका साहू ने 7 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। नवजात शिशुओं में एक नन्हीं परी (लड़की) और दो नौनिहाल (लड़के) शामिल हैं। जच्चा और तीनों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

साहू दंपति के पास पहले से ही 4 वर्ष की एक पुत्री और 2 वर्ष का एक पुत्र है। अब एक साथ तीन नए नन्हे मेहमानों के आगमन से परिवार की खुशियां दोगुनी नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ गई हैं। घर-परिवार के साथ-साथ पूरे ग्राम कोहका में इस समय जश्न और हर्षोल्लास का माहौल बना हुआ है।

कोहका व आसपास के अंचल में जुड़वां व ‘त्रिपुट’ बच्चों का अनोखा संयोग..

डोंगरगांव से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कोहका और आसपास के क्षेत्र में एक से अधिक बच्चों के जन्म का यह कोई पहला मामला नहीं है। अंचल में बच्चों के इस तरह एक साथ जन्म लेने को लेकर लोग इसे कुदरत का अनोखा वरदान मान रहे हैं:

26 मार्च 2026 (कोहका): लगभग 6 माह पूर्व इसी गांव के डाकेश्वर एवं ईमन बाई विश्वकर्मा (45 वर्ष) के घर भी जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ था। दंपति ने अपनी पुत्री का नाम ‘शिवानी’ और पुत्र का नाम ‘शिवम’ रखा है।

इसी तरह तीन वर्ष पूर्व डोंगरगांव से मात्र 2 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरगांव के भोलू – दुरपत बाई साहू के घर एक साथ तीन पुत्रों का जन्म हुआ था। इन तीनों बच्चों का नाम ‘हर्षित’, ‘हर्षद’ और ‘हार्दिक’ रखा गया है, जो अब तीन वर्ष के हो चुके हैं।

एक ही अंचल में जुड़वां और तीन-तीन बच्चों के जन्म के इस दुर्लभ संयोग से ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ भारी खुशी देखी जा रही है।

Hot Topics

Related Articles