- जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा
सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। लखनपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुन्नी सर्कल के ग्राम जमदरा और लिपिंगी में बुधवार की रात हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि हाथियों का दल उदयपुर क्षेत्र के कर्म कटरा जंगल से निकलकर ग्राम लिपिंगी जमदरा पहुंचा है।ग्राम लिपिंगी जमदरा में हाथियों के दल ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी फसलों की तबाही से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, हाथियों का दिल वापस उदयपुर वन परीक्षेत्र लौट गया। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।लगातार हाथियों के विचरण और फसलों को हो रहे नुकसान से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का दल आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों की ओर बढ़ सकता है।
वही वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाए उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास न करें तथा हाथियों की गतिविधियों की सूचना वन विभाग को दें।






