छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में नया अध्याय, सीएम साय ने महिला क्रिकेट को लेकर की बड़ी घोषणा

रायपुर : छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और खुशी का विषय है। मुख्यमंत्री साय नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे और भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों की महिला खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहली बार छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और संघर्ष से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। छत्तीसगढ़ की बेटियां जब विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को अपने सामने खेलते हुए देखेंगी, तो उनमें भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होगा।

महिलाओं और बेटियों के लिए स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस ऐतिहासिक क्रिकेट श्रृंखला के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। माताओं, बहनों और बेटियों को स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का आनंद ले सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करना है। आज देश की बेटियां खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से भारत का गौरव बढ़ा रही हैं।

न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद अब जिम्बाब्वे की टीम मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का सफल आयोजन किया जा चुका है। राज्य सरकार की विशेष पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी आयोजित हुए। अब भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय टी-20 श्रृंखला का आयोजन छत्तीसगढ़ को क्रिकेट के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन हो, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें। क्रिकेट से पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजनों का महत्व केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रहता। ऐसे आयोजन प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई गति देते हैं। जब देश और दुनिया के खिलाड़ी, खेल अधिकारी और दर्शक छत्तीसगढ़ आते हैं, तो होटल व्यवसाय, परिवहन, पर्यटन, स्थानीय बाजार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं।

इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। उन्होंने कहा कि खेल आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर भी मिलता है। नवा रायपुर को स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर तेजी से आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे केवल सुव्यवस्थित राजधानी के रूप में विकसित करना नहीं, बल्कि देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाना भी है। इसके लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, मौजूदा अधोसंरचना का बेहतर उपयोग और बड़े आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। भारत की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रशिक्षण देने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री साय ने दोनों टीमों को दी शुभकामनाएं मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह श्रृंखला उत्कृष्ट खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मित्रता का यादगार उदाहरण बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवा रायपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक क्रिकेट श्रृंखला प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा देगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

 

 

 

Hot Topics

Related Articles