रायपुर (सौरभ बख्शी)। छत्तीसगढ़ में व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने, व्यापारियों को शासन की नई योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा व्यापार के क्षेत्र में आने वाली कठिनाइयों के समाधान के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में महासंघ द्वारा छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग (सीएसआईडीसी) के संयुक्त तत्वावधान में “गढ़बो हमर व्यापार” प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को किया जा रहा है।
महासंघ की विगत दिनों आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में व्यापारियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में शासन की नवीन औद्योगिक एवं व्यापारिक योजनाओं, उनके अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं एवं लाभों, उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं तथा व्यापार को आगे बढ़ाने के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यवसाय संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, उनके समाधान और आधुनिक तकनीक के उपयोग के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति, ओएनडीसी (ONDC), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों, छोटे उद्यमियों एवं नवोदित व्यवसायियों को नई संभावनाओं से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाना है।
महासंघ का मानना है कि व्यापारियों को सही समय पर योजनाओं की जानकारी, उचित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध होने से प्रदेश में व्यापार और उद्योग के विकास को नई दिशा मिलेगी। इसी सोच के साथ महासंघ समय-समय पर प्रशिक्षण, परामर्श एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।
- कार्यक्रम का विवरण:
– दिनांक: 24 अक्टूबर 2026, शनिवार
– समय: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
– स्थान: विमतारा, मधु पिपले चौक, रायपुर
छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिहा ने प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों से इस प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की है।






