रायगढ़ में आयोजित 21वीं सीनियर स्टेट वॉलीबॉल चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
बलौदाबाजार। रायगढ़ जिले के एनटीपीसी लारा में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाली 21वीं सीनियर स्टेट वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए बलौदाबाजार जिले की महिला एवं पुरुष टीम का गठन किया गया है। ग्राम कुथरौद स्थित वॉलीबॉल स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर जिला टीम को अंतिम रूप दिया गया। चयनित खिलाड़ियों को किट वितरण कर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
बलौदाबाजार जिला वॉलीबॉल संघ एवं एकलव्य स्पोर्ट्स क्लब ग्राम कुथरौद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चयन ट्रायल में सिमगा, सुहेला, पलारी, भाटापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिले की महिला एवं पुरुष टीम का गठन किया गया, जो रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयन के उपरांत सौभाग्य फाउंडेशन रायपुर द्वारा चयनित 12 महिला एवं 12 पुरुष खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला बलौदाबाजार वॉलीबॉल संघ के सचिव नितिन पांडे, अनुपम अग्रवाल, बलौदाबाजार जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहनलाल वर्मा, जनपद सदस्य उमा अनंत, जिला वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी सुनील तालरेजा एवं अमरजीत भाटिया, सरपंच तारण दास अनंत, वरिष्ठ नागरिक चंद्रशेखर पटेल सहित समस्त पंच उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले की महिला एवं पुरुष टीम बेहतर प्रदर्शन कर बलौदाबाजार जिले का गौरव बढ़ाएगी।







