संदीप यादव सरगांव,मुंगेली। थाना सरगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंड्री निवासी 32 वर्षीय तुलसी साहू का शव सोमवार सुबह गणपति राइस मिल के पास पानी से भरे गड्ढे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पैर में तार बंधा होने और गले पर निशान दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। वहीं, उसकी मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिलने से घटना की परिस्थितियां और संदिग्ध हो गई हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या की आशंका से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी साहू, पिता छेदी साहू, चॉइस सेंटर का संचालन करता था। वह 25 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मोटरसाइकिल से अपने घर से निकला था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब आठ बजे उसकी मोटरसाइकिल सड़क पर गिरी हुई देखी गई थी। इसके बाद सोमवार सुबह गणपति राइस मिल के पास पानी से भरे गड्ढे में उसका शव मिला।
पैर में तार बंधा होने, गले पर निशान मिलने और मोटरसाइकिल का घटनास्थल से दूर पाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। इन परिस्थितियों के चलते युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। मामले में सरगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही मौत की वजह और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है। फिलहाल पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार है ।







