शराबियों को रोकना पड़ा भारी! महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष के पति और बेटे समेत 5 लोगों पर जानलेवा हमला

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से मारपीट और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के कुशभाठा गांव में शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे लोगों को रोकना महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमशीला नायक के परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में प्रेमशीला नायक के पति और सरपंच बेटे समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

शराब पीकर गाली-गलौज करने से मना करने पर बढ़ा विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, कुशभाठा गांव के एक मोहल्ले में कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। इस दौरान गांव के वर्तमान सरपंच ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट की घटना हो गई।

पति और सरपंच बेटे समेत पांच लोग घायल

आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमशीला नायक के परिवार को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति और सरपंच बेटे समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पहले ही पुलिस को दी गई थी सूचना

परिजनों का आरोप है कि विवाद की आशंका को देखते हुए उन्होंने बीती रात ही पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके बावजूद विवाद नहीं थमा। आरोप है कि अगले दिन सुबह फिर से विवाद हुआ और परिवार के पांच लोगों पर हमला कर दिया गया।

गांव में तनाव, पुलिस की कार्रवाई पर नजर

घटना के बाद कुशभाठा गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। वहीं, परिजनों की ओर से पहले ही पुलिस को सूचना दिए जाने के बावजूद विवाद बढ़ने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Hot Topics

Related Articles