खाकी पर दाग: 18 लाख के लोन सेटलमेंट के नाम पर मांग रहा था रिश्वत, ACB ने हेड कांस्टेबल को दबोचा

राजनांदगांव ।छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

लोन सेटलमेंट के बदले मांगी थी मोटी रकम

यह पूरा मामला एक निजी लोन के निपटारे से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित व्यक्ति का 18 लाख रुपये के निजी लोन के सेटलमेंट का मामला बसंतपुर थाने में लंबित था। इस मामले को सुलझाने और मदद करने के एवज में थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव द्वारा पीड़ित से 2 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रधान आरक्षक के इस रवैये से परेशान होकर पीड़ित ने सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के दफ्तर जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करा दी।

एसीबी की टीम ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद एसीबी के आला अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और सबसे पहले शिकायत का पूरी तरह से भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराया। जब यह पुष्टि हो गई कि प्रधान आरक्षक वाकई में रिश्वत मांग रहा है, तो एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया। रणनीति के तहत पीड़ित को केमिकल युक्त नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया।

पहली किस्त लेते ही रंगे हाथों दबोचा

जैसे ही पीड़ित व्यक्ति रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये देने के लिए बसंतपुर थाने पहुंचा और उसने रकम प्रधान आरक्षक किशोर यादव को सौंपी, वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दे दी। टीम ने प्रधान आरक्षक को रंगे हाथों धर दबोचा और उसके पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। पानी से हाथ धुलवाते ही आरोपी की उंगलियां गुलाबी हो गईं, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

थाने परिसर के भीतर ही प्रधान आरक्षक की इस तरह हुई गिरफ्तारी की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे पूरे जिले के पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की लोग सराहना कर रहे हैं। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी प्रधान आरक्षक किशोर यादव को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कागजी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।

Hot Topics

Related Articles