बिग ब्रेकिंग: महादेव सट्टा किंग रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के सह-संस्थापक और हजारों करोड़ रुपये के कथित अवैध सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की सूचना है। बुधवार, 4 नवंबर को अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। हालांकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से भारत को गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि मिलनी अभी बाकी है। इस घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और अन्य भारतीय एजेंसियों ने महादेव सट्टा ऐप के कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाने में सफलता हासिल की थी। अब रवि उप्पल की गिरफ्तारी की खबर से पूरे सट्टा नेटवर्क की जांच में तेजी आने की उम्मीद है।

UAE से प्रत्यर्पण कराने की तैयारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। भारतीय एजेंसियां UAE के अधिकारियों से आधिकारिक पुष्टि प्राप्त करने और प्रत्यर्पण प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला रवि उप्पल लंबे समय से जांच एजेंसियों के निशाने पर है। अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिनों बाद रिहा कर दिया गया। ED ने जनवरी 2024 में उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध भी भेजा था।

हवाला नेटवर्क और रसूखदारों से संपर्क की जांच प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के अनुसार, रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उस पर सैकड़ों करोड़ रुपये के कथित हवाला लेन-देन को संचालित करने और छत्तीसगढ़ में प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनाए रखने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि रवि उप्पल से पूछताछ के जरिए अवैध कमाई के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और कथित लाभार्थियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

 

 

Hot Topics

Related Articles