बलौदाबाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 29 आरोपी गिरफ्तार

जिलेभर में एक साथ कई स्थानों पर दी गई दबिश, 16,690 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त

बलौदाबाजार। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बलौदाबाजार पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 4 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 16,690 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो कार्रवाई

थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लटूवा में पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में दबिश दी। पहली कार्रवाई में ऋषिकांत नायक, साहिल वर्मा और कौशल कुमार को जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2,450 रुपये नगद जब्त किए गए। वहीं दूसरी कार्रवाई में मनहरण साहू, दिनेश कुमार यादव और रामभरोस नायक को गिरफ्तार कर 2,550 रुपये नगद जब्त किए गए।

सिमगा में पांच जुआरी गिरफ्तार

थाना सिमगा क्षेत्र के शंकर नगर स्थित महामाया चौक के पास 4 एवं 5 नवंबर की दरम्यानी रात पुलिस ने रेड कार्रवाई की। यहां ताश पत्तियों से हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे चंद्रशेखर पटेल, सुखचंद दास, हेमलाल यादव, टाजन देवांगन और बनवारी पटेल को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 4,750 रुपये नगद एवं ताश पत्तियां जब्त की गईं।

गिधौरी क्षेत्र में तीन स्थानों पर कार्रवाई

थाना गिधौरी क्षेत्र के ग्राम मोहतरा में दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में मोहनलाल, राम सिंह रात्रे और रामू बर्मन को गिरफ्तार कर 1,180 रुपये एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई में दीपक कुमार पंकज और अर्जुन लहरे को पकड़कर 750 रुपये एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

इसी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरीडीह में भी पुलिस ने जुआ खेलते हुए जीवन पटेल, कृष्णा कुमार और हेमंत कुमार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1,070 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश बरामद की गई।

लवन में जुआ खिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले पर कार्रवाई

थाना लवन क्षेत्र के ग्राम सरखोर में पुलिस ने एक खाली दुकान के अंदर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार दुकान संचालक द्वारा जुआ खेलने की सुविधा उपलब्ध कराकर नाल की राशि वसूली जा रही थी। इस कार्रवाई में शिशांत बघेल, राजा बघेल, दुजराम, पुरुषोत्तम गेंदेरे, विजय बघेल, छोटे लाल कोसले और शत्रुहन बघेल सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 2,380 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

गिधपुरी में तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना गिधपुरी क्षेत्र में अपराध क्रमांक 159/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खोमन लाल साहू, चिरंजीव जांगड़े और राजेश कुमार लहरी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1,560 रुपये नगद एवं ताश पत्तियां जब्त की गईं।

29 आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिलेभर में की गई इन कार्रवाइयों में कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभिन्न प्रकरणों में कुल 16,690 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है।

Hot Topics

Related Articles