बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों को ब्लैकमेल करने और सामाजिक रूप से बदनाम करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिलासपुर की सिरगिट्टी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘द हनी बैजर न्यूज़’ पोर्टल के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46 वर्ष) को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित ‘रजत प्राइम अपार्टमेंट’ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
कारोबारी को एआई से ‘तांत्रिक’ बनाकर युवतियों के वशीकरण की भ्रामक खबर फैलाई
यह पूरी कार्रवाई तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी व्यवसायी मणीशंकर पांडेय की शिकायत के बाद हुई है। उन्होंने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी दीपक टंडन ने मणीशंकर पांडेय की तस्वीर को एआई (AI) तकनीक की मदद से एडिट कर एक तांत्रिक की वेशभूषा में बदल दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया पर यह अपमानजनक और भ्रामक खबर चला दी कि उक्त व्यवसायी तंत्र-मंत्र और वशीकरण के जरिए युवतियों को अपने वश में करता है। यह सब व्यवसायी की सामाजिक प्रतिष्ठा को पूरी तरह धूमिल करने और उनसे मोटी रकम वसूलने (ब्लैकमेलिंग) के इरादे से किया गया था।
मोबाइल से खुला राज: अफसरों और संस्थाओं को निशाना बनाने का था बड़ा नेक्सेस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस महानिरीक्षक (DIG) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों पर सिरगिट्टी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराओं 4 व 5 के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से ज़ब्त किए गए दोनों मोबाइल फोनों की शुरुआती जांच में पुलिस को कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। इन मोबाइलों में न सिर्फ पीड़ित व्यवसायी बल्कि कई अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों, आम लोगों और बड़े प्रशासनिक अधिकारियों से जुड़ी आपत्तिजनक व एडिटेड तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने विभिन्न लोगों को डराकर अवैध उगाही करने के लिए बकायदा एक नेक्सेस (गिरोह) बना रखा था।
विवादित डीएसपी कल्पना वर्मा मामले से भी जुड़ा है आरोपी का पुराना इतिहास
पकड़ा गया आरोपी दीपक टंडन पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रखता है और छत्तीसगढ़ की चर्चित ‘लव-ट्रैप’ कंट्रोवर्सी के कारण पहले भी लंबे समय तक सुर्खियों में रह चुका है। दीपक टंडन ने ही तत्कालीन महिला डीएसपी कल्पना वर्मा पर प्रेम जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने और महंगे गिफ्ट लेने के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद डीएसपी को सस्पेंड कर दिया गया था और विभागीय खुफिया जानकारी लीक करने के मामले में गृह विभाग को जांच रिपोर्ट भेजी गई थी। हालांकि, इसके बाद खुद दीपक टंडन के खिलाफ भी धोखाधड़ी के मामलों में कोर्ट से वारंट जारी हो चुके हैं।
सह-आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
बिलासपुर पुलिस इस पूरे ब्लैकमेलिंग नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है। इस मामले में न्यूज़ पोर्टल संचालक दीपक टंडन के साथ कोमल प्रसाद चौबे और आरोपी का साला समेत कुछ अन्य लोग भी नामजद हैं, जो फिलहाल फरार चल रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और ज़ब्त डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।












