राज्य स्तरीय शिक्षक प्रतिभा सम्मान से सम्मानित हुए शिक्षक मोहन वर्मा

अर्जुनी।छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में बलौदाबाजार जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मुड़पार (सिमगा) में पदस्थ प्रभारी प्रधान पाठक एवं राज्यपाल शिक्षक अवार्ड से सम्मानित शिक्षक मोहन वर्मा को राज्य स्तरीय शिक्षक प्रतिभा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं शिक्षकों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित पंजीकृत संस्था शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ द्वारा यह सम्मान उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्र में प्रेरणादायी और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम अल्दा निवासी शिक्षक मोहन वर्मा शिक्षा के साथ ही साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे अंचल के प्रतिष्ठित कवि, छंदकार एवं समाजसेवी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की अनेक साहित्यिक, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

बिलासपुर के पंडित देवकी नंदन दीक्षित सभा भवन में आयोजित सदस्यता शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 200 से अधिक नवाचारी एवं प्रतिभावान शिक्षकों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाठक, सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी तिलक डोरे, संस्था के संस्थापक एवं संयोजक भरत कुमार डोरे, प्रांतीय अध्यक्ष सुमित पांडेय सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं प्रदेशभर से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

शिक्षक मोहन वर्मा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, इष्ट मित्रों, साहित्य प्रेमियों, सामाजिकजनों, ग्रामवासियों एवं शाला परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।

Hot Topics

Related Articles