धनतेरस पर भाटापारा के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, जमकर हुई खरीदारी

भाटापारा। दीपावली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत के साथ ही धनतेरस पर शुक्रवार को भाटापारा के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से देर रात तक प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, कपड़े, फर्नीचर एवं घरेलू सजावट के सामान की जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार धनतेरस पर जिलेभर में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ।

धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। सुबह से शुरू हुई ग्राहकों की आवाजाही दोपहर होते-होते भीड़ में तब्दील हो गई। प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों पर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। व्यापारियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया था।

सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार आभूषण, सिक्के एवं अन्य सामग्री खरीदी। महंगे आभूषणों के विकल्प के रूप में बेनटैक्स ज्वैलरी की भी अच्छी मांग रही। वहीं बर्तन दुकानों में स्टील, पीतल एवं अन्य धातुओं के बर्तनों की जमकर बिक्री हुई।

इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल कारोबार में भी अच्छी ग्राहकी रही। फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन, एलसीडी-एलईडी सहित अन्य घरेलू उपकरणों पर आकर्षक छूट और विशेष ऑफर दिए गए। आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया। वाहन खरीदने वालों को कंपनियों की ओर से विशेष योजनाओं का लाभ मिला। कपड़ा एवं फर्नीचर कारोबार में भी त्योहारी खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया।

बाजार में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रमुख बाजारों में बड़े वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया। चारपहिया वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वहीं वाहनों की पार्किंग के लिए अस्थायी स्थल निर्धारित किए गए थे। कोतवाली एवं यातायात पुलिस के जवान पूरे दिन व्यवस्था संभालते नजर आए।

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में हुई अच्छी खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। त्योहारी सीजन में ग्राहकों के उत्साह को देखते हुए कारोबारियों को दीपावली के आगामी दिनों में भी बेहतर व्यापार की उम्मीद है।

Hot Topics

Related Articles