पांच थाना क्षेत्रों में एक साथ चली कार्रवाई, जुआरियों के कब्जे से ताश की 52 पत्तियां भी बरामद
बलौदा बाजार भाटापारा।जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 को पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 27 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 28,130 रुपये नगद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष एंटी क्राइम अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भाटापारा ग्रामीण, पलारी, लवन, सिमगा और सुहेला थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा।
पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई
भाटापारा ग्रामीण थाना:पुलिस ने सेंट मेरी स्कूल के पीछे मैदान में जुआ खेलते हुए प्रमोद तिवारी, पंकज बत्रा, किशन यादव, तलीफ दिवाकर और अनिल साहू को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6,400 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
पलारी थाना: ग्राम सिसदेवरी के बजरंगबली चौक के पास दबिश देकर पुष्पेन्द्र कुमार चन्द्राकर, अमलेश चन्द्राकर, डायमन चन्द्राकर, उमेश चन्द्राकर, फागु राम फेकर और तनीष चन्द्राकर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 14,700 रुपये नगद और ताश की पत्तियां बरामद कीं।
लवन थाना:ग्राम कोलिहा के श्रीराम चौक में कार्रवाई करते हुए जोगेन्द्र वर्मा, सुरेश कोसले, गोकुल वर्मा और साहिल बंजारे को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2,000 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
सिमगा थाना: ग्राम हरिनभट्टा में किराना दुकान के सामने जुआ खेल रहे अश्वनी कुमार नवरंगे, उत्तम कुमार महिलांग, धर्मेन्द्र बघेल और रंजीत सोनवानी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 2,800 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त कीं।
सुहेला थाना: ग्राम शिकारी केसली में दबिश देकर प्रमोद यादव, मनीष वर्मा, कौशल वर्मा, पोषण साहू, कृष्णा साहू, पुनेश्वर वर्मा, अंचल सिंह ध्रुव और खेमराज निषाद को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2,230 रुपये नगद और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी 27 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।











