24 कार्यों का होगा लोकार्पण, 397.26 करोड़ के कार्यों का होगा शिलान्यास — केंद्रीय राज्यमंत्री और प्रदेश के कई मंत्री रहेंगे मौजूद
संदीप यादव मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक तथा मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये, आदिवासी विकास विभाग के 60 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग के 23 करोड़ 82 लाख 84 हजार रुपये, मंडी बोर्ड के 02 करोड़ 51 लाख 83 हजार रुपये, जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ 05 लाख 73 हजार रुपये तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के 71 लाख 12 हजार रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन सभी कार्यों की कुल लागत 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये है।
मुख्यमंत्री साय जिले में 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा नगर पालिका परिषद लोरमी से संबंधित विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।
सीएम के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने बनाया रूट चार्ट
अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने रूट चार्ट बनाया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था का विस्तृत रूट चार्ट तैयार किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों की पार्किंग और प्रवेश के लिए अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में तैयार रूट चार्ट के अनुसार, मुंगेली की ओर से आने वाले आम नागरिकों के वाहनों के लिए पी-4 मोड़ के पास, नया बस स्टैंड कंतेली के पास और डोभा रोड पर पार्किंग स्थल नियोजित किया गया है। वहीं, डिंडौरी मार्ग से आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग ग्राम ताहरकापा के पास होगी।
वीआईपी वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें हेलीपैड के बगल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल में आम नागरिकों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। यातायात सुचारू रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टॉप पॉइंट भी नियत किए गए हैं। ग्राम मुरली गुरुकुल के पास आम नागरिकों के लिए निर्मित स्टॉप पॉइंट पर पॉइंट पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।












