भनपुरी की पॉलीमर फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग, कलेक्टर की निगरानी में सुबह तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रायपुर: राजधानी रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब यहां स्थित ‘गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री’ में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पॉलीमर और प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आधी रात को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा अमला

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात फैक्ट्री के पिछले हिस्से से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस व अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह बिना किसी देरी के रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके साथ डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ अजातशत्रु बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नभसिंह कोसले और तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

पूरी रात डटे रहे अधिकारी, सुबह आग पर पाया काबू

ज्वलनशील सामग्री के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते बचाव अभियान में 12 से 15 दमकल गाड़ियों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी रात घटनास्थल पर रुककर राहत कार्य की कमान संभाली और पानी के टैंकरों व फोम की लगातार व्यवस्था सुनिश्चित कराई। प्रशासन का मुख्य प्रयास यह रहा कि आग आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक न फैल सके। दमकल विभाग के कर्मचारियों की रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बड़ा हादसा टला, कारणों की जांच जारी

राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और स्थिति सामान्य होने की पुष्टि के बाद ही कलेक्टर और अन्य अधिकारी सुबह घटनास्थल से वापस लौटे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन और पुलिस की टीम वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है।

Hot Topics

Related Articles