कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर। छठ महापर्व पर अरपा नदी के छठ घाट में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 15 नवंबर की दोपहर से 16 नवंबर की दोपहर तक शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव रहेगा। इसे देखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ चारपहिया और तीनपहिया वाहनों के लिए डायवर्सन तथा पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था बनाई है।
इस बार यातायात व्यवस्था का मुख्य जोर सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से छठ घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर रहेगा। पुलिस ने दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं, ताकि घाट के आसपास जाम की स्थिति न बने और छठ व्रतियों को पूजा स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो।
सरकंडा-मोपका से आने वालों की व्यवस्था
सरकंडा और मोपका क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को चिल्हाटी मोड़, मोपका तिराहा और बजरंग चौक राजकिशोर चौक से डायवर्ट किया जाएगा। चारपहिया और तीनपहिया वाहनों का प्रवेश रवि रिसोर्ट के पास से प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दौरीधारी व्रतियों के वाहनों को घाट तक जाने की छूट दी गई है।
अन्य श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए रवि रिसोर्ट के पास खेल परिसर में पार्किंग बनाई गई है। इसके अलावा छठ घाट तिराहे के पहले और बाद के वन मैदान, आश्रम परिसर के पास नदी किनारे वन भूमि तथा छठ घाट से लगे वन मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। घाट के समीप वन मैदान में वीआईपी पार्किंग और प्रयास स्कूल भवन के पास आरक्षित पार्किंग भी बनाई गई है।
गुरु नानक चौक से आने वालों के लिए रास्ता
इस दिशा से आने वाले भारी वाहनों को दर्रीघाट और महमंद चौक से डायवर्ट किया जाएगा। चारपहिया और तीनपहिया वाहनों के लिए गांधी चौक, जगमल चौक, गुरु नानक चौक और पेट्रोल पंप तिराहे पर डायवर्सन व्यवस्था लागू रहेगी। पेट्रोल पंप तिराहे से आगे सामान्य चारपहिया और तीनपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां भी दौरीधारी व्रतियों के वाहनों को छूट दी ।
वाहन खड़ा किया तो बढ़ेगी परेशानी
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और डायवर्सन तथा नो-एंट्री के निर्देशों का पालन करें। सड़क किनारे या आवागमन के रास्ते में वाहन खड़ा करने से दूसरे श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। खासतौर पर छठ व्रतियों को घाट तक पहुंचने में सभी नागरिकों से सहयोग करने की अपील की गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा..
“छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का बड़ा पर्व है। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा तथा सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नागरिक निर्धारित मार्गों का पालन करें, अपने वाहन तय पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और पुलिस का सहयोग करें। व्रतियों को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।”












