शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, पहले दिन 102 केंद्रों में जारी हुए 300 टोकन
बलौदाबाजार, 13 नवम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से प्रारंभ होने जा रही है। धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके, इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय स्थित संपर्क केंद्र में संचालित जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम के फोन नंबर, शिकायत एवं सूचना पंजी तथा कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने कर्मचारियों को हमेशा सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि फोन के माध्यम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना और शिकायत को गंभीरता से लें तथा उस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वयं कंट्रोल रूम के नंबर पर फोन लगाकर उसकी सक्रियता एवं कार्यप्रणाली का परीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान प्राप्त होने वाली किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए। किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पहले दिन 102 केंद्रों में 300 टोकन जारी
धान खरीदी उत्सव के तहत जिले में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके लिए जिले में कुल 181 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। खरीदी के पहले दिन 15 नवम्बर को जिले के 102 उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय के लिए कुल 300 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकन के माध्यम से पहले दिन कुल 1044 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी व्यवस्था के तहत धान खरीदी संपन्न कराना है।












