विपक्ष ने सिर्फ भ्रम फैलाया, भाजपा ने काम करके दिखाया-शिवरतन

जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता, पिंकी शाह और शिवरतन शर्मा ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

भाटापारा। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें पूर्व विधायक सिहावा पिंकी शाह और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने जनजातीय समाज के उत्थान और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। शिवरतन शर्मा ने कहा कि विपक्ष ने दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा ने उनके विकास और सम्मान के लिए ठोस काम करके दिखाया है।

प्रेसवार्ता में पिंकी शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। 15 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम और स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न जनजातीय नायकों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था, ताकि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल सके।

जनजातीय मंत्रालय का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा

वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने कहा कि विपक्ष आज भी जनजातीय समाज के बीच भ्रम और भय की राजनीति कर रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में जनजातीय नायकों को वह सम्मान और स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट वर्ष 2014-15 में 4,497.96 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन और वन धन विकास केंद्रों को जनजातीय समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। आज जनजातीय समाज के प्रतिनिधि देश के महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक पदों पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, राकेश तिवारी, सुनील यदु, नंदकिशोर अग्रवाल, मनिंदर सिंह गुबर सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles