पत्रकार ने एसपी को सौंपा आवेदन; निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग
बलौदाबाजार। दीपावली पर्व के दौरान ग्राम बनगबौद में पत्रकार लकेश्वर बघेल और उनके परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना में पत्रकार के पिता प्रकाश बघेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके सिर में चार टांके तथा दोनों आंखों के आसपास एक-एक टांके लगे हैं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार लकेश्वर बघेल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने मामले में कार्रवाई में देरी और निष्पक्ष जांच को लेकर पुलिस प्रशासन के समक्ष सवाल उठाए हैं।
घर के बाहर विवाद के बाद मारपीट का आरोप
पीड़ित पत्रकार लकेश्वर बघेल के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:45 बजे अजय गिरी, अक्षय गिरी, संजू गिरी, अरमान गिरी, भूखे गिरी एवं उनके अन्य साथियों द्वारा घर के बाहर गाली-गलौज और विवाद किया जा रहा था। इस दौरान उनके पिता प्रकाश बघेल ने मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता को बचाने पहुंचे लकेश्वर बघेल और परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद सभी घायलों का शासकीय अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में थाना लवन में प्रकाश बघेल की शिकायत पर अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज किया गया। वहीं अगले दिन दूसरे पक्ष की शिकायत पर अपराध क्रमांक 0399/2026 दर्ज हुआ, जिसमें घायल पिता, पत्रकार पुत्र और परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाया गया है।
मेडिकल और बयान दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
पीड़ित पत्रकार का कहना है कि मेडिकल परीक्षण और संबंधित बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गंभीर चोटों के बावजूद कार्रवाई में देरी से परिवार में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।
परिवार का सवाल है कि जब मामले में अपराध दर्ज हो चुका है, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं, तो अब तक आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
गवाहों को धमकाने का भी लगाया आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उनके पक्ष के प्रत्यक्षदर्शी गवाहों को गांव में धमकाया जा रहा है। इस संबंध में पत्रकार लकेश्वर बघेल ने पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराने की मांग की है।
आवेदन में अपराध क्रमांक 0398/2026 एवं 0399/2026 की निष्पक्ष विवेचना, मेडिकल रिपोर्ट एवं चोटों की प्रकृति का परीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा दोनों पक्षों की शिकायतों का तुलनात्मक परीक्षण कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही गवाहों को धमकाने की शिकायत की जांच कर परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया है।
निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत प्रतिशोध लेना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और न्याय प्राप्त करना है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करने तथा दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय एवं सुरक्षा मिल पाती है।












