दीपा सागर की संदिग्ध मौत मामला फिर गरमाया: सर्व समाज ने धरना देकर की सीबीआई जांच की मांग

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित बाफना लाइफस्टाइल परिसर में युवती दीपा सागर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता जा रहा है। दुकान की छत पर मिले दीपा के शव को लेकर पहले परिजनों ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए थे, और अब इस मामले में सर्व समाज भी खुलकर सड़क पर उतर आया है। सर्व समाज के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित कर मौत की परिस्थितियों पर गहरा संदेह जताया गया है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच की मांग उठाई गई है।

क्या है पूरा मामला

दंतेश्वरी वार्ड निवासी 21 वर्षीय दीपा सागर बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करती थी। एक नवंबर की शाम वह काम पर गई थी, जिसके बाद रात भर लापता रहने के बाद अगले दिन शोरूम की छत पर बने जनरेटर रूम में उसका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था। पुलिस ने प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इसे फांसी लगाकर की गई आत्महत्या बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सीएसपी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम भी गठित की है।

समाज और परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

धरना प्रदर्शन के दौरान सर्व समाज के प्रतिनिधियों और परिजनों ने पुलिस की आत्महत्या की थ्योरी पर कड़ा ऐतराज जताया है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि दीपा ने वास्तव में आत्महत्या की थी, तो अब तक उन कारणों और परिस्थितियों का खुलासा क्यों नहीं हो पाया है जिनके चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा। इसके अलावा घटनास्थल की परिस्थितियों, मोबाइल फोन से कॉल डिटेल व चैट गायब होने की आशंका तथा कार्यस्थल पर कर्मचारी की सुरक्षा को लेकर शोरूम प्रबंधन की भूमिका पर भी कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

प्रशासन से पारदर्शी कार्रवाई की मांग

सर्व समाज और स्थानीय संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस मामले की उच्चस्तरीय और पारदर्शी जांच नहीं होती, तब तक मृतका और उसके परिवार को न्याय नहीं मिल सकता। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय पुलिस जांच के बजाय पूरे मामले को सीबीआई को सौंपा जाए, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू का सच सामने आ सके और यदि कोई दोषी है तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके।

Hot Topics

Related Articles