तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों की अहम मुलाकात: सम्मक्का सागर बैराज परियोजना को मिलेगी रफ्तार, सीएम साय ने दिया एनओसी का आश्वासन

रायपुर। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर रेवंत रेड्डी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक में दोनों राज्यों के बीच आपसी संवाद और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात का मुख्य केंद्र गोदावरी नदी पर स्थित सम्मक्का सागर बैराज परियोजना रही। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उनके साथ आए सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने इस परियोजना में जल-भंडारण शुरू करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने का आग्रह किया। रेवंत रेड्डी ने बताया कि तुपकुलगुडेम में बने इस बैराज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसकी कुल जल भंडारण क्षमता 6.94 टीएमसी है। उन्होंने कहा कि अल-नीनो की मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए तेलंगाना में सिंचाई और पेयजल की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस पानी का उपयोग करना बेहद जरूरी हो गया है।

परियोजना से पड़ने वाले प्रभावों पर बात करते हुए रेवंत रेड्डी ने आईआईटी खड़गपुर के अध्ययन का हवाला दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैराज में पानी भरने से छत्तीसगढ़ की केवल 33 एकड़ भूमि ही प्रभावित होगी और भीषण बाढ़ की स्थिति में भी यह दायरा 100 एकड़ से अधिक नहीं बढ़ेगा। तेलंगाना सरकार ने आश्वस्त किया है कि वे प्रभावित भूमि के अधिग्रहण, उचित मुआवजे और पुनर्वास का पूरा खर्च उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तेलंगाना के इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए परियोजना के लिए आवश्यक एनओसी की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस बैठक के दौरान दोनों राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles